सिलवासा: श्रीमती देवकीबा मोहनसिंहजी चौहान कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस में दिनांक 17 जून 2026 को ICSI (Institute of Company Secretaries of India – इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया) सिलवासा स्टडी सेंटर के शुभारंभ एवं MoU हस्ताक्षर समारोह का सफल आयोजन किया गया।

ICSI भारत में कंपनी सेक्रेटरी (CS) प्रोफेशन को संचालित एवं विनियमित करने वाली वैधानिक संस्था है, जिसकी स्थापना The Company Secretaries Act, 1980 के अंतर्गत की गई है। यह संस्था विद्यार्थियों को कंपनी सेक्रेटरीशिप से संबंधित शिक्षा, प्रशिक्षण एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान करती है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सीमा पिल्लई के स्वागत संबोधन से हुआ। इस अवसर पर यह उल्लेख किया गया कि संस्था पिछले लगभग तीन वर्षों से निरंतर प्रयासरत थी ताकि विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही प्रतिष्ठित व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

यह एम.ओ.यू. संस्था के अध्यक्ष फतेहसिंहजी एम. चौहाण, आईसीएसआई के सेंट्रल काउंसिल सदस्य सीएस राजेश तारपरा, सचिव कुलदीप सिंह मूंद्रा, कार्यकारिणी सदस्य अभिषेकसिंहजी चौहाण, डॉ. अनुकूल निकम, हवेली इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज़ एंड रिसर्च की प्राचार्या डॉ. शिल्पा तिवारी, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निराली पारेख तथा महाविद्यालय की उप प्राचार्या डॉ. जाह्नवी अरेकर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सीएस डॉ. नीलाभ कौशिक की विशिष्ट उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। सभा को संबोधित करते हुए दोनों गणमान्य अतिथियों ने अपने अनुभव, विचार एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण साझा किए तथा विद्यार्थियों को उभरते अवसरों को अपनाने हेतु प्रेरित किया।
सीएस राजेश तारपरा, आईसीएसआई के सेंट्रल काउंसिल सदस्य एवं पीसीएस समिति के अध्यक्ष, ने अपने प्रेरक संबोधन में कंपनी सेक्रेटरी प्रोफेशन के बढ़ते दायरे, व्यावसायिक उत्कृष्टता एवं नैतिक नेतृत्व के महत्व पर विशेष बल दिया तथा विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं के लिए तैयार रहने हेतु प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि लायंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरिटेबल ट्रस्ट, जिसकी स्थापना वर्ष 1983 में हुई थी, पिछले चार दशकों से शिक्षा एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में सतत योगदान दे रहा है।
यह संस्था,प्रदेश में निरंतर शैक्षणिक विस्तार की दिशा में नए आयाम स्थापित कर रही है। इसी वर्ष मार्च माह में महाविद्यालय में सीडीओई (Centre for Distance and Online Education) पाठ्यक्रमों का शुभारंभ किया गया, जिससे विद्यार्थियों को लचीले एवं आधुनिक शिक्षण अवसर उपलब्ध हुए हैं।
इसके अतिरिक्त, संस्था को पीएच.डी. स्तर तक अध्ययन एवं शोध सुविधाएँ प्रदान करने की मान्यता प्राप्त होना उसकी शैक्षणिक यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह उपलब्धियाँ उच्च शिक्षा एवं शोध आधारित उत्कृष्टता के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
कार्यक्रम के औपचारिक सत्र के उपरांत कक्षा 11वीं एवं 12वीं सहित लगभग 250 विद्यार्थियों के साथ एक विशेष इंटरएक्टिव सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कंपनी सेक्रेटरी (CS) पाठ्यक्रम, करियर संभावनाओं, प्रवेश प्रक्रिया एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन से संबंधित प्रश्न पूछे।
विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए उन्हें भविष्य की तैयारी, व्यावसायिक उत्कृष्टता तथा नेतृत्व क्षमता के विकास हेतु प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी इस सत्र में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।










