--Advertisement here--

वापी में NCB की पहल: प्रीकर्सर केमिकल्स के दुरुपयोग पर रोक के लिए उद्योग जगत से साझेदारी की अपील

On: July 3, 2026 3:00 PM
Share this article:
--Advertisement here--

Whatsapp Channel

Join Now

Telegram Group

Join Now

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), अहमदाबाद जोनल यूनिट ने वापी इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (VIA) के सहयोग से वापी में अग्रदूत (प्रीकर्सर) रसायनों एवं विनियमित पदार्थों के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वैच्छिक आचार संहिता (Voluntary Code of Conduct – VCC) पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी आयोजित की।

यह पहल एनसीबी के महानिदेशक अनुराग गर्ग के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे राष्ट्रीय जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य रासायनिक एवं औषधि उद्योग के साथ मिलकर ऐसे रसायनों को सिंथेटिक ड्रग्स एवं अन्य मादक पदार्थों के अवैध निर्माण में उपयोग होने से रोकना है।

संगोष्ठी में एनसीबी के उप महानिदेशक श्री मनीष कुमार (IRS) ने उद्योग प्रतिनिधियों के सामने स्वैच्छिक आचार संहिता प्रस्तुत करते हुए इसे अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रसायनों का जिम्मेदार प्रबंधन, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला तथा संदिग्ध लेन-देन की समय पर पहचान और रिपोर्टिंग, नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने में बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में एनसीबी के अतिरिक्त निदेशक पाटिल केतन बालिराम, वापी इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, अविक फार्मास्यूटिकल लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. अभयकुमार एच. छेड़ा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संगोष्ठी में 200 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

एनसीबी अधिकारियों ने सिंथेटिक ड्रग्स के बदलते स्वरूप, अपराधियों द्वारा वैकल्पिक रसायनों के उपयोग तथा प्रीकर्सर केमिकल्स के बढ़ते दुरुपयोग पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उद्योग जगत को संदिग्ध ऑर्डर, असामान्य खरीद, ग्राहक सत्यापन और रिकॉर्ड प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

मनीष कुमार ने कहा कि केवल कानून लागू करने वाली एजेंसियों के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। यदि रसायनों के निर्माता, आयातक, निर्यातक, वितरक, परिवहनकर्ता और व्यापारी भी सतर्क रहकर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी समय पर एनसीबी को दें, तो सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

उद्योग प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए वैध रासायनिक आपूर्ति श्रृंखला की सुरक्षा को अपनी साझा जिम्मेदारी बताया और भविष्य में एनसीबी के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की

error: Content is protected !!